फोनपे पर नाम खोजकर ‘क्राइम ब्रांच’ का डर दिखाते थे साइबर ठग, बस्ती पुलिस ने दो को दबोचा

Jeet
By -
0

 फोनपे पर नाम खोजकर ‘क्राइम ब्रांच’ का डर दिखाते थे साइबर ठग, बस्ती पुलिस ने दो को दबोचा

बस्ती। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे CY-VAJRA अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना बस्ती पुलिस ने फोनपे और गूगलपे पर मोबाइल नंबर डालकर व्यक्ति का नाम पता करने और फिर खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।




पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य गुप्ता (28) निवासी दक्षिण दरवाजा, पुरानी बस्ती, बस्ती तथा अजय सिंह चौहान (24) निवासी कंचनपुर, थाना गुजैनी, कानपुर नगर के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ में साइबर ठगी के कई मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे फोनपे या गूगलपे पर किसी मोबाइल नंबर को सर्च कर उसका नाम पता करते थे। इसके बाद संबंधित व्यक्ति को फोन कर खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते थे। ठग पीड़ित से कहते थे कि उसके खिलाफ अश्लील वीडियो देखने के आरोप में 42 पन्नों की सीडीआर मिली है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

डराने के बाद आरोपी पीड़ित को बताते थे कि कोर्ट से मामला खत्म कराने में लाखों रुपये लगेंगे, जबकि थाने स्तर पर मामला खत्म कराने के नाम पर कम रकम मांगी जाती थी। पीड़ित के पैसे भेजने के बाद आरोपी दोबारा फोन कर खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताते और मामला हाईलाइट होने का डर दिखाकर अतिरिक्त रकम की मांग करते थे। इस तरह कई बार पीड़ित के खाते से पूरी रकम निकाल ली जाती थी।

दो साल से साइबर अपराध में सक्रिय होने का दावा

पुलिस पूछताछ में आदित्य गुप्ता ने कथित तौर पर बताया कि वह करीब दो वर्षों से साइबर अपराध में सक्रिय है। उसके पास कई बैंक खाते और उनसे जुड़े सिम थे, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जाता था। साइबर अपराध से आने वाली रकम में से वह करीब 30 प्रतिशत हिस्सा अपने पास रखता था और शेष रकम निकालने या दूसरे खातों में भेजने का काम करता था।

वहीं अजय सिंह ने पूछताछ में एक मामले में 11 हजार रुपये की ठगी किए जाने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक इस मामले में इस्तेमाल किया गया सिम आदित्य ने उपलब्ध कराया था।

साइबर क्राइम थाना बस्ती पुलिस ने मामले में धारा 319(2), 318(4), 308(2), 61(2), 317(2) बीएनएस तथा 66सी, 66डी आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल 1930 पर कॉल करें। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल⁠� पर शिकायत दर्ज करें। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)