घर में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से राम बाहल यादव की मौत,जांच में जुटी पुलिस!
बस्ती। छावनी थाना क्षेत्र के बबुरहवा गांव में गुरुवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से करीब 50 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फिलहाल गोली लगने की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो सकी हैं।
बताया जा रहा है कि बबुरहवा गांव निवासी राम बाहल यादव गुरुवार की शाम अपने आवास पर थे। इसी दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में उन्हें गोली लग गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी होने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे। इसी बीच उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच-पड़ताल की और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि,गोली कैसे लगी और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं,इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
क्षेत्राधिकारी स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। घटनास्थल की जांच की जा रही है। गोली लगने की वास्तविक परिस्थितियों और मृत्यु के कारण का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।





Post a Comment
0Comments